श्रीनगर, आठ जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में वार्षिक अमरनाथ यात्रा ड्यूटी में कथित अनियमितताओं के आरोप में चार शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, ‘जिला प्रशासन गांदरबल ने मनीगाम ट्रांजिट कैंप में श्री अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं के ‘ऑन-द-स्पॉट’ पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान सामने आई कुछ अनियमितताओं का संज्ञान लिया है।’
उन्होंने बताया कि मामले की फिलहाल जांच की जा रही है और इसमें शामिल पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
मनीगाम ट्रांजिट कैंप के नोडल अधिकारी से इस संबंध में सूचना मिलने के बाद गांदरबल के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने चारों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबित किए गए शिक्षकों की पहचान बिलाल अहमद शेख, आबिद मोही-उद-दीन भट, पीर मुदासिर और गौहर रशीद कुल्लू के रूप में हुई है।
आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि बालटाल आधार शिविर पर मौके पर पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए सभी निर्धारित दस्तावेजों को प्रस्तुत करना और उनका सत्यापन कराना तथा आवश्यक पात्रता मानदंडों को पूरा करना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालुओं को केवल अधिकृत पंजीकरण केंद्र के माध्यम से ही पंजीकरण कराने और निर्धारित आधिकारिक प्रक्रिया का पालन करने की सलाह दी गई है।
प्रवक्ता ने कहा, ‘श्रद्धालुओं से यह भी अनुरोध किया जाता है कि वे पंजीकरण कराने में मदद करने का दावा करने वाले दलालों, बिचौलियों या अनधिकृत लोगों के झांसे में न आएं और पैसे या किसी अन्य लाभ के बदले दी जाने वाली किसी भी अनधिकृत सहायता से बचें।’
भाषा तान्या नरेश
नरेश