बांसवाड़ा के सरकारी अस्पताल में चार महिलाओं की मौत: अधिकारी
बांसवाड़ा के सरकारी अस्पताल में चार महिलाओं की मौत: अधिकारी
जयपुर, 11 जुलाई (भाषा) राजस्थान के बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में पिछले कुछ दिन में चार महिलाओं की मौत हो गई। इसके बाद अधिकारियों ने मौतों के कारणों की जांच के लिए एक समिति गठित की है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार ये मौतें सात से 10 जुलाई के बीच हुईं जिससे चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग में चिंता है।
जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत सिंह यादव ने अस्पताल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
यादव ने कहा, ‘‘सात से 10 जुलाई के बीच चार महिलाओं की मौत की सूचना मिली है। दो मरीजों को गंभीर हालत में लाया गया था जबकि दो मामलों में सिजेरियन ऑपरेशन हुआ था।’’
उन्होंने बताया कि मौतों की विस्तृत जांच के लिए चिकित्सकों की पांच सदस्यीय समिति बनाई गई है।
अधिकारियों ने बताया कि एक मामले में ग्रामीण इलाके में गर्भपात से जुड़ी जटिलताओं के बाद नाबालिग लड़की को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि दो अन्य मामलों में पीड़ित की पहचान सवनिया निवासी लक्ष्मी और मध्य प्रदेश के अकलखेड़ा निवासी रेशमा के तौर पर हुई है। संदेह है कि इनकी मौत का शुरुआती कारण गंभीर एनीमिया (खून की कमी) हो सकता है।
कानेला गढ़ी की रहने वाली एक अन्य महिला लीला की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई, शुरुआती जांच में इसकी वजह उच्च रक्तचाप माना गया है।
जिला कलेक्टर ने कहा कि अब तक दवा के गलत असर का कोई तत्काल संकेत नहीं मिला है।
यादव ने कहा, ‘‘पांच चिकित्सकों की समिति बनाई गई है और जयपुर से भी एक टीम आ रही है। रिपोर्ट आने के बाद मौतों के सही कारण का पता चलेगा। अगर किसी भी स्तर पर कोई चूक पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’
उन्होंने कहा कि जांच के तहत मेडिकल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और अस्पताल के कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘कोशिश हर मौत का सही कारण का पता लगाने की है। जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी।’
भाषा पृथ्वी संतोष
संतोष

Facebook


