जम्मू-कश्मीर में कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर को जेल भेजा गया, चार अन्य आरोपी गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर में कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर को जेल भेजा गया, चार अन्य आरोपी गिरफ्तार
जम्मू, 11 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया, जबकि सांबा, कठुआ और राजौरी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मादक पदार्थों की बरामदगी के बाद चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, उधमपुर के फलाता गांव के निवासी संजय कुमार उर्फ ‘संजू’ को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम (पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम) के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि ‘‘कुख्यात तस्कर’’ के खिलाफ सक्षम प्राधिकारी ने निरोधक आदेश जारी किया था, जिसपर शुक्रवार को अमल किया गया। कुमार को डोडा की भद्रवाह जिला जेल भेजा गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि सांबा जिले के घगवाल के निवासी अनिल कुमार को उसके घर के पास दोपहिया वाहन पर जाते समय 1.720 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि सांबा के विजयपुर क्षेत्र में वाहन की तलाशी के दौरान 10.14 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद एक अन्य कथित तस्कर योगेश्वर सिंह को भी गिरफ्तार किया गया।
प्रवक्ता के अनुसार, वह बगूना गांव से किसी नजदीकी स्थान की ओर जा रहा था। पुलिस ने उसकी कार भी जब्त कर ली है।
कठुआ जिले में पुलिस ने हाटली मोड़ पर वाहन की तलाशी के दौरान पांच ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद कथित तस्कर संदीप कुमार को गिरफ्तार किया।
वहीं, राजौरी जिले में भेला पुल के पास पुलिस ने नईम नसीर उर्फ राजा से 2.63 ग्राम हेरोइन बरामद करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा जोहेब शफीक
शफीक

Facebook


