होशियारपुर में बोरवेल से सुरक्षित निकाले गए चार वर्षीय बच्चे की हालत स्थिर: मंत्री रवजोत सिंह
होशियारपुर में बोरवेल से सुरक्षित निकाले गए चार वर्षीय बच्चे की हालत स्थिर: मंत्री रवजोत सिंह
(फाइल फोटो के साथ)
होशियारपुर (पंजाब), 16 मई (भाषा) पंजाब के जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह बोरवेल से सुरक्षित निकाले गए चार वर्षीय बच्चे गुरकरन सिंह का कुशलक्षेम जानने के लिए शनिवार को सरकारी अस्पताल पहुंचे और कहा कि बच्चे की हालत स्थिर है।
मंत्री चिकित्सकों की एक टीम के साथ अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने उपचार कर रहे चिकित्साकर्मियों से बात की और परिजनों से भी मिले।
अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार आधी रात 12 बजकर 40 मिनट पर बोरवेल से निकाला गया गुरकरन फिलहाल निगरानी में है। बचाव के तुरंत बाद उसे जांच और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
स्थानीय विधायक एवं मंत्री रवजोत सिंह ने कहा कि बच्चे की हालत स्थिर है और सुबह उसे तरल पदार्थ दिया गया। वरिष्ठ चिकित्सकों की एक टीम लगातार उसकी सेहत पर नजर रख रही है।
मंत्री ने कहा, ‘‘उसकी सेहत में सुधार हो रहा है। जरूरी जांचें की जा चुकी हैं। हल्के संक्रमण के लक्षण मिले हैं, जो घटना के दौरान लंबे समय तक मिट्टी और धूल के संपर्क में रहने के बाद स्वाभाविक है।’’
उन्होंने यह भी कहा कि धूल के कणों से आंखों में जलन होने के कारण बच्चे की आंखों की जांच भी की गई है, उसे 48 घंटे निगरानी में रखा जाएगा और अगर सेहत में सुधार जारी रहा तो सोमवार तक उसे छुट्टी मिल सकती है।
अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि बच्चे को आंखों में मामूली जलन की शिकायत है जिसका उपचार किया जा रहा है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवजोत सिंह व डॉ. नेहा पाल ने बताया कि गुरकरन को एहतियात के तौर पर निगरानी में रखा गया है और उसकी सेहत में सुधार हो रहा है।
होशियारपुर जिले में घर के पास खेलते समय बोरवेल में गिरे गुरकरन को कई बचाव एजेंसियों और स्थानीय स्वयंसेवकों के नौ घंटे के अथक प्रयास के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया था। यह घटना शुक्रवार शाम होशियारपुर-दसूया मार्ग पर भिखोवाल के पास स्थित चक समाना गांव में हुई।
अधिकारियों ने बताया कि गुरकरन सिंह बोरवेल में करीब 20 से 30 फुट की गहराई में फंस गया था।
भाषा खारी संतोष
संतोष

Facebook


