गुरुग्राम, 12 जुलाई (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने भोंडसी इलाके में एक फार्महाउस पर छापेमारी कर कथित रूप से संचालित हो रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है और इस सिलसिले में 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मौके से कसीनो के 1,295 सिक्के, 260 ताश के पत्ते और जुए की तीन मेजें बरामद की गई हैं। इस संबंध में भोंडसी थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा की एक टीम ने भोंडसी इलाके के महेंदवाड़ा स्थित ‘गोल्डन लीफ फार्म’ पर छापेमारी की और जुए का खेल आयोजित करने तथा उसमें भाग लेने के आरोप में 18 लोगों को पकड़ा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान महेश उर्फ मेस्सी, मयंक, सुरेश कुमार, सौरभ, दर्शन चौधरी, अंकित अदलखा, सुनील, नरेंद्र, मुकुल, दिनेश सिंह, विनीत तनेजा, कैलाश, सौरभ चुघ, वैभव तायल, विशाल गांधी, विकास, बाल गोपाल और कृष्ण तनेजा के रूप में हुई है।
सभी आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच से पता चला है कि महेश के खिलाफ पहले से मारपीट और आपराधिक धमकी से जुड़े दो मामले दर्ज हैं। वहीं, नरेंद्र के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत दो मामले और कैलाश के खिलाफ फरीदाबाद जिले में जुए से जुड़े दो पुराने मामले दर्ज हैं।’
भाषा सुमित नरेश
नरेश