लोनाटो (इटली), 12 जुलाई (भाषा) भारतीय मिश्रित ट्रैप टीमों के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारत ने यहां आयोजित आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप अभियान का समापन एक स्वर्ण पदक के साथ किया।
पदक तालिका में इटली दो स्वर्ण पदकों के साथ शीर्ष पर रहा जबकि अमेरिका एक स्वर्ण और एक रजत पदक के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने एक-एक स्वर्ण पदक जीतकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
महिला व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में एक दिन पहले ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाली नीरू ढांडा मिश्रित टीम स्पर्धा में उस प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकीं। किनान चेनाई और नीरू की जोड़ी ने 150 में से कुल 139 अंक बनाए और छह अन्य टीमों के साथ संयुक्त 15वें स्थान पर रही।
यह स्कोर पदक मुकाबलों के लिए आवश्यक शीर्ष चार टीमों में जगह बनाने के लिए पर्याप्त नहीं था।
भारत की दूसरी जोड़ी अहवर रिजवी (70) और मनीषा कीर (68) ने कुल 138 अंक हासिल किए और चार अन्य जोड़ियों के साथ संयुक्त 20वें स्थान पर रही।
ऑस्ट्रेलिया के जेम्स विलेट और कैथरीन स्किनर ने 40 शॉट के फाइनल में 37 अंक बनाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
ब्रिटेन के नाथन हेल्स और उनकी जोड़ीदार एली सीवर्ड ने 35 अंकों के साथ रजत पदक जीता।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द