झालावाड़ में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

झालावाड़ में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

झालावाड़ में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
Modified Date: September 28, 2025 / 06:43 pm IST
Published Date: September 28, 2025 6:43 pm IST

जयपुर, 28 सितम्बर (भाषा) झालावाड़ जिले में पुलिस ने एक बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी की 30 मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ ही चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी अधिकारियों ने रविवार को दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार यह गिरोह न केवल मोटरसाइकिल चोरी करता था बल्कि वाहन मालिकों से दलालों के मार्फत बड़ी रकम वसूल करके उन्हें चोरी के वाहन वापस लौटाने का खेल भी चला रहा था।

जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने रव‍िवार को बताया कि कोतवाली, बकानी, सदर और झालरापाटन थानों की संयुक्त टीम ने इस गिरोह के खिलाफ अभियान संचालित करते हुए एक संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर वाहन चोर और दो दलालों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि हालांकि गिरोह का एक और दलाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

कुमार के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे वाहन चुराने के बाद सबसे पहले उसकी असली नंबर प्लेट हटा देते थे या उस पर दूसरी नंबर प्लेट लगा देते थे ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। कुमार के अनुसार आरोपियों ने बताया कि इसके बाद दलालों की मदद से वे वाहन मालिक से संपर्क करते थे और गाड़ी वापस लौटाने के एवज में मोटी रकम की मांग करते थे। कुमार के अनुसार आरोपियों ने बताया कि पैसा मिलने के बाद वाहन को किसी सुनसान जगह पर छोड़ दिया जाता था।

पुलिस के अनुसार पुलिस टीम ने झालावाड़, कोटा शहर और आसपास के अज्ञात स्थानों से चुराई गईं कुल 30 मोटरसाइकिल जब्त की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 17 लाख रुपये आँकी गई है।

अधिकारी ने बताया कि मामले में पुलिस ने जरेल निवासी सुरेश कंजर (30) व विनोद (25) और दलाल वेदराज सिंह (42) व गजराज (50) निवासी बिरियाखेड़ी थाना सदर को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सुरेश, विनोद, वेद राज सिंह और गजराज सक्रिय और आदतन अपराधी हैं। उन्होंने बताया कि इनके विरुद्ध पहले से ही चोरी, लूटपाट जैसे दो दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं।

भाषा पृथ्वी अमित

अमित


लेखक के बारे में