नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अवैध रूप से किताबों की छपाई में शामिल एक गिरोह का भंड़ाफोड़ करते हुए 67 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी अधिकारियों ने बुधवार को दी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी एक प्रकाशन समूह की किताबों की अवैध छपाई और बिक्री में कथित तौर पर शामिल है।
एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि आरोपी ज्वाला प्रसाद सोनी कॉपीराइट वाली किताबों की अनधिकृत छपाई, भंडारण और वितरण में लिप्त एक संगठित नेटवर्क चला रहा था।
उन्होंने बताया कि 14 मार्च को मिली एक शिकायत के आधार पर, एक टीम ने रोहिणी सेक्टर-16 में छापा मारा और परिसर से अवैध रूप से छपी (पायरेटिड) 8,593 किताबें जब्त कीं।
पुलिस ने बताया कि आगे की जांच के दौरान, पास के एक अन्य स्थान पर छापेमारी की गई और वहां से अवैध रूप से छपी 11,544 और किताबें बरामद हुईं, जिससे कुल जब्त की गई प्रतियों की संख्या 20,137 हो गई।
अधिकारी ने बताया, ‘इसके बाद, आनंद पर्वत औद्योगिक क्षेत्र में एक प्रेस से दो प्रिंटिंग मशीनें बरामद की गईं, साथ ही अवैध रूप से छपी चार किताबों के नेगेटिव और कॉपीराइट सामग्री की नकल करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली 12 प्रिंटिंग प्लेट भी बरामद की गईं।’
भाषा नोमान
नोमान अमित
अमित