जयपुर, 21 मई (भाषा) राजस्थान की राजधानी जयपुर के श्याम नगर इलाके में एक व्यापारी से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, श्याम नगर निवासी व्यापारी के पिता ने इस संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि 18 मई की शाम करीब चार बजे उनके मोबाइल फोन पर एक विदेशी नंबर से कॉल आया।
फोन कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा बताते हुए पांच करोड़ रुपये की मांग की।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने धमकी दी कि यदि तय समय में रकम नहीं दी गई तो व्यापारी की हत्या कर दी जाएगी।
शिकायत के अनुसार फोन करने वाले ने कहा, ‘‘दो दिन में पैसे दे देना, नहीं तो जान से मार दूंगा।’’
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कॉल डिटेल और मोबाइल नंबर की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि यह भी जांच की जा रही है कि धमकी वास्तव में किसी गैंगस्टर गिरोह की ओर से दी गई है या किसी व्यक्ति ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर कॉल किया है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत