शिरोमणि अकाली दल के सत्ता में आने पर गैंगस्टर, तस्करों को आतंकवादी घोषित किया जाएगा: सुखबीर

Ads

शिरोमणि अकाली दल के सत्ता में आने पर गैंगस्टर, तस्करों को आतंकवादी घोषित किया जाएगा: सुखबीर

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 10:18 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 10:18 PM IST

(फाइल फोटो सहित)

फिरोजपुर, 24 फरवरी (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को कहा कि अगर पंजाब में उनकी पार्टी की सरकार सत्ता में आती है तो वह गैंगस्टर और मादक पदार्थ के तस्करों को आतंकवादी घोषित करेगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

पार्टी के ‘पंजाब बचाओ’ अभियान के तहत फिरोजपुर ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए, बादल ने आरोप लगाया कि राज्य में गैंगस्टर और मादक पदार्थ के तस्कर बेरोकटोक सक्रिय हैं और उन्होंने आम आदमी (आप) सरकार पर स्थिति को नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि शिअद की सरकार सत्ता में आने पर गैंगस्टर और मादक पदार्थ के तस्करों को जमानत नहीं देने और उनकी संपत्तियों को जब्त करने के लिए कानून लाएगी। बादल ने कहा, ‘उन्हें पंजाब छोड़ना होगा या कानून के तहत कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।’

मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए बादल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने गुरदासपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित एक चेकपोस्ट पर दो पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में अपना रुख बदल लिया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले तो परिस्थितियों से अनभिज्ञता जताई, फिर उनके परिवारों के लिए एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की और बाद में कहा कि मौतें शायद दोनों अधिकारियों के बीच हुई हाथापाई के परिणामस्वरूप हुईं।

उन्होंने सरकार के गठन के एक सप्ताह के भीतर सभी किसानों के लिए ट्यूबवेल कनेक्शन सुनिश्चित करने और बाढ़ को रोकने के लिए स्थायी तटबंधों के निर्माण का भी वादा किया।

भाषा आशीष माधव

माधव