तेलंगाना में 1.25 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त, एक गिरफ्तार
तेलंगाना में 1.25 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त, एक गिरफ्तार
हैदराबाद, 25 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के हनमकोंडा जिले में पुलिस ने 55 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1.25 करोड़ रुपये मूल्य का 251 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
वारंगल की पुलिस आयुक्त एन. श्वेता ने एक विज्ञप्ति में बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने गांजा तस्कर के घर की तलाशी ली और वहां से 251 किलोग्राम गांजा, एक दोपहिया वाहन, 9,000 रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी ने आसानी से पैसा कमाने के इरादे से ओडिशा से कम कीमत पर गांजा खरीदने के लिए एक नेटवर्क बनाया था। इसके बाद वह तेलंगाना, महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में गांजा की ऊंची कीमत पर आपूर्ति करने वाले लोगों को इसकी बिक्री करता था।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और अंतरराज्यीय गांजा आपूर्ति नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आरोपी से गांजा खरीदने वाले दूसरे राज्यों के लोगों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए विशेष दल गठित किए गए हैं।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


