कन्नूर में भारी बारिश से भूस्खलन, राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त
कन्नूर में भारी बारिश से भूस्खलन, राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त
कन्नूर (केरलम), 25 अगस्त (भाषा) केरलम के उत्तरी कन्नूर जिले के कुछ हिस्सों में मंगलवार को भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। जिला प्रशासन ने यह जानकारी दी।
जिला प्रशासन के अनुसार, सुबह इलायवूर में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण स्थल पर सुरक्षा दीवार ढहने के बाद भूस्खलन हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस स्थान पर तीन साल पहले भी बड़ा भूस्खलन हुआ था।
राज्य के बिजली मंत्री सनी जोसेफ, विधायक टी. ओ. मोहनन और जिलाधिकारी पी. विष्णुराज ने सुबह घटनास्थल का दौरा किया।
जिला प्रशासन ने बताया कि जिलाधिकारी ने घटना को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से तत्काल रिपोर्ट मांगी है।
करीब नौ बजे यहां पालचुरम में चेकुथन थोडु के पास बड़े पैमाने पर भूस्खलन होने से यातायात बाधित हो गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रभावित मार्ग से मिट्टी और चट्टानों को हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। पुलिस, दमकल एवं बचाव कर्मी तथा राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे।
भारी बारिश के कारण प्रशासन ने और भूस्खलन की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी ने आगंतुकों और गैर जरूरी वाहनों को प्रभावित क्षेत्र की ओर नहीं जाने की सलाह दी है।
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को केरलम के 11 जिलों में भारी बारिश के अनुमान के मद्देनजर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 25 अगस्त को पठानमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में ‘येलो अलर्ट’ लागू है।
पठानमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम जिलों में 26 अगस्त के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
आईएमडी के अनुसार, 24 घंटे में 64.5 मिलीमीटर से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश को ‘‘भारी बारिश’’ माना जाता है।
भाषा मनीषा अविनाश
अविनाश

Facebook


