दिल्ली हवाई अड्डे पर 2.1 करोड़ रुपये का गांजा जब्त, एक यात्री हिरासत में

Ads

दिल्ली हवाई अड्डे पर 2.1 करोड़ रुपये का गांजा जब्त, एक यात्री हिरासत में

  •  
  • Publish Date - June 6, 2026 / 04:17 PM IST,
    Updated On - June 6, 2026 / 04:17 PM IST

नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक से आ रहे एक भारतीय यात्री के पास से छह किलोग्राम से अधिक संदिग्ध ‘हाइड्रोपोनिक’ गांजा जब्त किया। जब्त किये गये मादक पदार्थ की कीमत लगभग 2.1 करोड़ रुपये है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी‍।

अधिकारियों ने बताया कि यात्री के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

‘हाइड्रोपोनिक’ गांजा, गांजे की एक उच्च क्षमता वाली किस्म है, जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यात्री तीन जून को बैंकॉक से दिल्ली पहुंचा और उसके विवरण की जांच करने के बाद उसे रोका गया।

बयान में बताया गया कि यात्री के सामान की ‘एक्स-रे’ जांच के दौरान, ‘संदिग्ध छवियां देखी गईं’।

बयान के मुताबिक, विस्तृत जांच के बाद ‘छह एक जैसे सीलबंद पैकेट बरामद किये गये, जिनमें गांजा होने का संदेह था और इन पैकेटों का वजन लगभग 6.020 किलोग्राम था।

बयान में बताया गया, “जब्त किए गए मादक पदार्थ का बाजार मूल्य लगभग 2.10 करोड़ रुपये है।”

सीमा शुल्क अधिकारियों ने बताया कि बरामदगी से संकेत मिलता है कि यात्री के सामान के माध्यम से मादक पदार्थों की भारत में तस्करी करने का प्रयास किया जा रहा था।

भाषा जितेंद्र वैभव

वैभव