नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) नयी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र घरों के आसपास के उद्यानों का जल्द कायाकल्प किया जाएगा। नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने इन उद्यानों में मुक्ताकाश जिम स्थापित करने और बच्चों के खेल क्षेत्रों को बेहतर बनाने के लिए 3.91 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, सीएमडी फंड स्कीम के तहत लागू की जा रही इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय उद्यानों को निवासियों के लिए अधिक उपयोगी और आकर्षक बनाना है। इसके तहत उद्यानों में तंदुरुस्ती और मनोरंजन, दोनों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
अधिकारियों ने बताया, ‘‘परियोजना के तहत उद्यानों में नए मुक्ताकाश जिम उपकरण लगाए जाएंगे, ताकि लोग खुले में व्यायाम के लिए प्रोत्साहित हों। बच्चों के खेल क्षेत्रों को भी झूले, फिसल पट्टी और अन्य खेल उपकरणों के साथ नया रूप दिया जाएगा। इसमें सुरक्षित और बेहतर रखरखाव वाले स्थान उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।’’
उन्होंने कहा कि इस पहल से रोजाना सैर, व्यायाम और मनोरंजन के लिए उद्यानों का इस्तेमाल करने वाले निवासियों को लाभ मिलेगा। साथ ही बच्चों को घर के नजदीक खेलने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होंगे।
एनडीएमसी ने ‘ई-खरीद’ के जरिए ठेकेदारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। काम शुरू होने के छह महीने के भीतर परियोजना पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
नागरिक निकाय ने निर्माण और उपकरण लगाने के दौरान स्थानीय लोगों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों को भी परियोजना में शामिल किया है।
अधिकारियों ने बताया कि ठेकेदारों को केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के मानकों और राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। इसमें निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रित करने के उपाय भी शामिल हैं, ताकि काम के कारण उद्यानों और आसपास के क्षेत्रों की वायु गुणवत्ता पर अनावश्यक असर न पड़े।
भाषा
राखी माधव
माधव