गहलोत सरकार ने जनघोषणा पत्र के आधे वादे पूरे किए : डोटासरा

Ads

गहलोत सरकार ने जनघोषणा पत्र के आधे वादे पूरे किए : डोटासरा

  •  
  • Publish Date - October 2, 2020 / 08:33 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:09 PM IST

जयपुर, दो अक्तूबर (भाषा) राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने अपने कार्यकाल के पहले 21 महीने में चुनावी या जनघोषणा पत्र के आधे से अधिक वादों को पूरा कर दिया है जबकि अनेक पर काम चल रहा है। राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने यह बात कही।

डोटासरा राज्य में गहलोत सरकार के अब तक के प्रदर्शन का रिपोर्ट कार्ड ‘कांग्रेस जन घोषणा पत्र की क्रियान्विति रिपोर्ट’ जारी करने के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषण पत्र में 501 वादे किए थे जिनमें से 252 वादे पूरे कर दिए गए हैं।

डोटासरा ने कहा, ‘‘इसके अलावा 173 वादे प्रक्रियाधीन हैं। इस तरह से कुल मिलाकर 85 प्रतिशत वादों पर काम हो चुका है या चल रहा है।’’

उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जारी किया गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अचानक तबियत खराब हो जाने के कारण इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए शामिल हुए कांग्रेस महासचिव व प्रदेश प्रभारी अजय माकन ने कहा कि राजस्थान सरकार ने पार्टी के घोषणापत्र को नीति दस्तावेज बनाया और किसी भी लोकतंत्र में सरकार के लिए इससे बेहतर तरीका नहीं हो सकता है। मुख्यमंत्री गहलोत व उनकी सरकार के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए माकन ने कहा कि उन्होंने कहीं भी इतनी तेज गति से काम होते हुए नहीं देखा है।

भाषा पृथ्वी मानसी

मानसी