हजारीबाग (झारखंड), 25 मार्च (भाषा) झारखंड के हजारीबाग जिले में बुधवार को 12 वर्षीय एक लड़की का अपहरण कर पत्थरों से वार करके उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बिष्णुगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र में हुई, जहां लड़की के परिवार ने आरोप लगाया कि बलात्कार के बाद हत्या की गई।
इसने बताया कि बुधवार सुबह ग्रामीणों ने स्कूल के पास लड़की का शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि लड़की मंगलवार शाम से लापता थी, जब उसे आखिरी बार राम नवमी से पहले निकलने वाले ‘मंगला जुलूस’ में भाग लेते हुए देखा गया था।
बिष्णुगढ़ थाना प्रभारी स्वपन कुमार ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि लड़की का अपहरण किया गया और फिर पत्थरों से वार करके उसकी हत्या कर दी गई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और सबूत एकत्र किए।’’
उन्होंने बताया कि मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
बिष्णुगढ़ के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि लड़की के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई।
उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र