शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर लड़की की चाकू से गोदकर हत्या 

Ads

शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर लड़की की चाकू से गोदकर हत्या 

  •  
  • Publish Date - January 10, 2018 / 06:38 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:38 PM IST

हैदराबाद, तेलंगाना। महिला सुरक्षा को लेकर देश और दुनिया में लगातार जागरुकता अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन इससे जुड़ी घटनाओं में कोई कमी नहीं आ रही है। एक और दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से, जहां एक युवक ने 23 साल की युवती की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। ख़बर के मुताबिक युवक का नाम अनंत है, जिसने अपनी सहकर्मी के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था। लड़की ने अनंत से शादी करने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया, जिससे आरोपी गुस्से में आ गया और इसका बदला लेने के लिए उसने हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया। हैदराबाद के मूसापेट इलाके में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी युवक अनंत को गिरफ्तार कर लिया है। 

हैदराबाद में दो हफ्ते के भीतर इस तरह की ये दूसरी वारदात सामने आई है। इससे पहले शादी से इनकार करने पर ही 28 दिसंबर को साई कार्तिक नाम के 28 वर्षीय युवक ने 25 साल की युवती पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया था, जिसके अगले दिन युवती ने अस्पताल में दम तोड़ दिया था।

  

ये युवती जब दफ्तर से लौट रही थी तभी बाइक से आरोपी ने उसका पीछा किया और पूछा कि वो शादी से क्यों इनकार कर रही है? युवती ने जब उसे कोई जवाब नहीं दिया तो आरोपी को गुस्सा आ गया और उसने युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मरने से पहले पुलिस को दिए युवती के बयान के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें- कार्तिक मर्डर केस: अवैध संबंध में अंधी मां ने प्रेमी से मिलकर की बेटे की हत्या

एकतरफा प्यार या शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर हत्या के बढ़ते मामलों से लड़कियों, महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। इस तरह के अपराधों में कड़ी सज़ा का कानूनी प्रावधान है, लेकिन सिर्फ कानून के जरिये इस तरह की विकृत सोच को कुचलने, बदलने में सफलता मिलती नहीं दिख रही है। सामाजिक संगठनों की ओर से भी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जागरुकता अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन सेक्स क्राइम कंट्रोल न हो पाना समाज के लिए चिंता का बड़ा विषय बना हुआ है।

 

वेब डेस्क, IBC24