कोलकाता, छह जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक युवा चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच में पुलिस की कथित लापरवाही के संबंध में तीन आईपीएस अधिकारियों विनीत गोयल, अभिषेक गुप्ता और इंदिरा मुखोपाध्याय का निलंबन चार महीने के लिए और बढ़ा दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के इन तीनों अधिकारियों को इस वर्ष 15 मई को हाई-प्रोफाइल मामले की जांच में कथित गड़बड़ी और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया था। इस घटना के बाद देशभर में व्यापक आक्रोश फैल गया था और चिकित्सकों ने लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन किया था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘तीनों अधिकारियों का निलंबन चार महीने के लिए और बढ़ा दिया गया है।’’
निलंबन बढ़ाने का आदेश मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद सरकार के फैसले के तहत जारी किया गया।
नाम न उजागर करने की शर्त पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘निलंबन की अवधि बढ़ाना एक औपचारिक प्रक्रिया है, क्योंकि विभागीय जांच अभी जारी है। अगले आदेश तक ये अधिकारी निलंबित रहेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अनुशासनात्मक कार्रवाई अभी पूरी नहीं हुई है और लागू सेवा नियमों के अनुसार सरकार ने निलंबन बढ़ाने का फैसला किया है।’’
भाषा गोला माधव
माधव