पश्चिम बंगाल के मालदा में नाबालिग से दुष्कर्म, पड़ोसी गिरफ्तार

Ads

पश्चिम बंगाल के मालदा में नाबालिग से दुष्कर्म, पड़ोसी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 09:25 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 09:25 PM IST

कोलकाता, छह जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में एक नाबालिग लड़की को घर से बहला-फुसलाकर बाहर ले जाने और उससे कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में 30-वर्षीय एक व्यक्ति को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना रविवार को इंग्लिश बाज़ार थाना क्षेत्र में हुई। लड़की को मालदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि लड़की के परिवार ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अधिकारी ने बताया कि शेख रबीउल नाम के आरोपी को सोमवार तड़के उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह पड़ोसी राज्य बिहार के पूर्णिया भागने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने बताया कि बाद में आरोपी को मालदा जिला अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

मालदा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मकसूद हसन ने बताया, ‘‘यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत मिलते ही हमने एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया। आरोपी का पता लगाया गया और उसे उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह भागने की कोशिश कर रहा था।’’

हसन ने कहा कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

भाषा आशीष सुरेश

सुरेश