बोकारो (झारखंड), छह जुलाई (भाषा) मूसलाधार बारिश और जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के कारण झारखंड के तेनुघाट बांध के दो ऊपरी द्वार और एक निचला द्वार सोमवार शाम खोल दिए गए। इसके साथ ही प्रशासन ने बांध के निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।
तेनुघाट बांध बाढ़ नियंत्रण प्रकोष्ठ के कार्यकारी इंजीनियर रंजीत कुजूर ने बताया कि दामोदर नदी में लगभग 2,700 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि नदी किनारे रहने वाले लोगों और मछुआरों को सतर्क किया जाए।’’
तेनुघाट बांध प्रभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सोमवार दोपहर तीन बजे दो ऊपरी (रेडियल) द्वार खोले गए। फिलहाल दो ऊपरी द्वार और एक निचले (अंडर-स्लूइस) द्वार के माध्यम से पानी छोड़ा जा रहा है।
बांध प्रबंधन ने बताया कि जलाशय की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अन्य द्वार भी खोले जा सकते हैं।
सोमवार अपराह्न तीन बजे जलाशय का जलस्तर 849.76 फुट दर्ज किया गया, जो लगातार बढ़ रहा था।
कुजूर ने बताया कि बांध का जल संरक्षण स्तर 852 फुट है। इसलिए जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए एहतियातन पानी छोड़ा गया है।
तेनुघाट बांध प्रभाग के सहायक इंजीनियर अभिषेक कुमार पाल ने बताया कि प्रशासन ने दामोदर नदी के निचले इलाकों के लोगों से नदी के किनारे जाने से बचने और पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही मछुआरों को भी नदी में न जाने की सलाह दी गई है।
भाषा गोला सुरेश
सुरेश