झारखंड में स्व रोजगार और रोजगार सृजन के लिए पर्यावरणीय पर्यटन को विकसित करने की जरूरत : सोरेन

Ads

झारखंड में स्व रोजगार और रोजगार सृजन के लिए पर्यावरणीय पर्यटन को विकसित करने की जरूरत : सोरेन

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 09:29 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 09:29 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

रांची, छह जुलाई (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को रोजगार के अवसर और स्व-रोजगार पैदा करने के लिए पर्यटन क्षेत्र को विकसित करने और बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिसमें ‘इको-टूरिज्म’ (पर्यावरणीय पर्यटन) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पर्यटन, कला और संस्कृति, खेल और युवा मामलों के विभागों के कामकाज की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, लातेहार, हजारीबाग, रांची और पर्यावरणीय पर्यटन की अच्छी संभावना वाले अन्य इलाकों में पर्यावरणीय पर्यटन स्थल विकसित करने के लिए विस्तृत योजनाएं तैयार करें।

उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड में पर्यावरणीय पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसके सर्किट विकसित करके राज्य में पर्यटन को एक नयी पहचान दी जा सकती है। हमें पर्यावरणीय पर्यटन सर्किट के लिए एक व्यापक और बेहतर योजना के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।’’

सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे राज्य में प्राकृतिक, धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यावरणीय पर्यटन स्थलों का नियोजित और समग्र विकास सुनिश्चित करें।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे ‘पतरातू व्यू पॉइंट’ को विकसित करने का काम तेज करें और झारखंड के रामगढ़ जिले में पतरातू घाटी में रोपवे लगाने की योजना तैयार करें।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लातेहार जिले के नेतरहाट में ‘ग्लास वॉच टावर’ या ‘ग्लास ब्रिज’ बनाने, कोयल व्यू पॉइंट कॉटेज को विकसित करने, ट्रेकिंग की सुविधाएं और तरणताल बनाने तथा पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों के लिए अन्य बुनियादी ढांचे तैयार करने के लिए एक प्रायोगिक परियोजना बनाएं।

उन्होंने भूमिगत खदान वाले इलाकों की पहचान करने और उनके लिए पर्यटन योजना विकसित करने का भी सुझाव दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पर्यटन के विकास से राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा मिलेगा और साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।’’

खेल और युवा मामलों के विभाग की समीक्षा करते हुए, सोरेन ने निर्देश दिए कि पदक जीतने वाले किसी भी राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी के सब्जी बेचने या ऐसा ही कोई अन्य काम करने के बारे में कोई खबर या शिकायत नहीं आनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को ऐसे खिलाड़ियों का डेटाबेस तैयार करने और आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को वित्तीय सहायता और प्रोत्साहन देने के लिए योजनाएं बनाने का निर्देश दिया।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप