पणजी, 25 अगस्त (भाषा) गोवा सरकार की एकादश तीर्थ यात्रा पहल औपचारिक रूप से शुरू की गयी है, जिसके तहत 27 महिलाओं ने संगठित आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन अनुभव के तहत एक ही दिन में चार प्रमुख मंदिरों के दर्शन किये । अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इस पहल के तहत, राज्य का पर्यटन विभाग 11 मंदिरों के सर्किट में शामिल होने वाले वरिष्ठ नागरिकों को 50 प्रतिशत की छूट देता है।
इस यात्रा को सोमवार को तांबडी सुरला (कुशावती जिला) के श्री महादेव मंदिर से रवाना किया गया। इसमें मार्सेल में श्री देवकीकृष्ण देवस्थान, खंडोला में श्री महागणपति देवस्थान और सावोई-वेरेम में श्री अनंत देवस्थान (सभी उत्तरी गोवा में) शामिल थे।
पर्यटन विभाग के अनुसार, पहले टूर में 27 महिलाएं एक ही दिन में चार प्रमुख मंदिर गयीं। यह एक व्यवस्थित आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन अनुभव का हिस्सा था।
इस पहल का मकसद गोवा की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से अधिक लोगों को जोड़ना है तथा पर्यटकों को राज्य के आम तटीय-पर्यटन से हटकर अन्य स्थलों को देखने के लिए प्रोत्साहित करना है।
पर्यटन मंत्री रोहन खौंटे ने कहा कि यह पहल गोवा की सदियों पुरानी परंपराओं, ऐतिहासिक मंदिरों और विरासत को उजागर करके राज्य का एक समग्र अनुभव पेश करने की सरकार के दृष्टिकोण को दर्शाती है।
शुरुआती टूर में शामिल लोगों ने कहा कि इस पहल से उन्हें एक ही दिन में कई मंदिरों के दर्शन करने और गोवा में अल्प ज्ञात आध्यात्मिक स्थलों से परिचित होने का अवसर मिला।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव