गोवा पुलिस ने मंत्री के घर के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामले में ‘आप’ विधायक से पूछताछ की

Ads

गोवा पुलिस ने मंत्री के घर के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामले में ‘आप’ विधायक से पूछताछ की

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 08:36 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 08:36 PM IST

पणजी, 28 अप्रैल (भाषा) गोवा पुलिस ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक वेंजी वीगास से फरवरी में नगर एवं ग्रामीण योजना मंत्री विश्वजीत राणे के घर के बाहर ‘विवादास्पद भूमि रूपांतरण प्रावधान’ के विरोध में किए गए प्रदर्शन से संबंधित मामले में पूछताछ की।

पणजी पुलिस थाने से लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में वीगास ने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में पूछताछ के लिए बुलाकर अल्पसंख्यक समुदाय के विधायकों को निशाना बना रही है और उन्हें परेशान कर रही है।

पणजी के पास डोना पाउला में 24 फरवरी को राणे के आवास के बाहर सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया था, जब क्रांतिकारी गोवा पार्टी के विधायक वीरेश बोरकर ने नगर एवं ग्रामीण नियोजन अधिनियम की धारा 39-ए को रद्द करने की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू किया था।

यह खंड गैर-बस्ती क्षेत्र को बस्ती क्षेत्र में परिवर्तित करने में सक्षम बनाता है, जिससे निर्माण गतिविधियों का मार्ग प्रशस्त होता है।

विरोध मार्च के संबंध में गैरकानूनी सभा के आरोप में पुलिस ने गोवा के विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ, तीन अन्य विधायकों और लगभग 1,500 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

कांग्रेस विधायक अलेमाओ ने सोमवार को पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया।

भाषा तान्या शोभना

शोभना