लद्दाख के सियाचिन सेक्टर में 14वीं कोर के जीओसी ने सैनिकों की अभियानगत तैयारियों का जायजा लिया

Ads

लद्दाख के सियाचिन सेक्टर में 14वीं कोर के जीओसी ने सैनिकों की अभियानगत तैयारियों का जायजा लिया

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 05:15 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 05:15 PM IST

लेह/जम्मू, 17 अगस्त (भाषा) ‘फायर एंड फ्यूरी कोर’ के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी), लेफ्टिनेंट जनरल मदनराज पांडे ने सोमवार को सियाचिन ग्लेशियर सेक्टर का दौरा किया। सेना ने कहा कि उन्होंने दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र में तैनात सैनिकों की अभियानगत तैयारियों का जायजा लिया।

बयान के अनुसार, अपने दौरे के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल पांडे ने उस इलाके में तैनात सैनिकों से बातचीत की और मुश्किल इलाकों और मौसम की स्थितियों में काम करते हुए उनके बुलंद हौसले, पेशेवर रुख और दृढ़ता की तारीफ की।

लेह स्थित 14वीं कोर, जिसे ‘फायर एंड फ्यूरी कोर’ के नाम से भी जाना जाता है, ने ‘एक्स’ पर कहा, “ ‘फायर एंड फ्यूरी कोर’ के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल मदनराज पांडे ने अभियानगत तैयारियों का जायजा लेने और दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र में तैनात सैनिकों से बातचीत करने के लिए सियाचिन का दौरा किया।”

सेना ने कहा कि कोर कमांडर ने सभी रैंक के जवानों से अभियानगत तैयारी, अनुशासन और उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने को कहा।

इसमें कहा गया कि इस दौरे का मकसद मुश्किल सियाचिन सेक्टर में तैनात सैनिकों की तैयारियों का जायजा लेना और ऊंचाई वाले युद्ध-क्षेत्र में अभियानगत प्रभावशीलता बनाए रखने के उनके संकल्प को मजबूत करना था।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश