जयपुर, 31 अगस्त (भाषा) राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए गठित कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने उदयपुर में बृहस्पतिवार को उदयपुर-बांसवाड़ा संभाग के पार्टी नेताओं के साथ एक-एक कर बैठक की।
पार्टी के एक नेता ने बताया कि गोगाई, कमेटी के सदस्य गणेश गोडियाल, अभिषेक दत्त एवं एआईसीसी से वीरेंद्र सिंह राठौड ने बृहस्पतिवार को विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और अन्य संबंधित नेताओं से चर्चा की।
उदयपुर की एक होटल में हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के बाद गौरव गोगाई ने संवाददाताओं से कहा कि राजस्थान में इतिहास बनने वाला है और राज्य में कांग्रेस पार्टी दोबारा सत्ता में आने वाली है।
उन्होंने कहा कि अगर स्थिति कांग्रेस के पक्ष में नहीं होती तो आज टिकट के इतने उम्मीदवार नहीं होते।
उन्होंने होटल के बाहर खडी भीड़ का जिक्र करते हुए कहा कि यह जो लोगों की संख्या है उसी से प्रमाणित होता है कि हवा का रूख किस ओर है.. इतिहास बनने वाला है और कांग्रेस पार्टी प्रदेश में दोबारा सत्ता में आने वाली है।
राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
भाषा कुंज राजकुमार