सरकार छात्रों से बातचीत के लिए तैयार; विपक्ष मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहा : चिराग पासवान

सरकार छात्रों से बातचीत के लिए तैयार; विपक्ष मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहा : चिराग पासवान

सरकार छात्रों से बातचीत के लिए तैयार; विपक्ष मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहा : चिराग पासवान
Modified Date: July 22, 2026 / 10:08 pm IST
Published Date: July 22, 2026 10:08 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बुधवार को कहा कि सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष, खास तौर पर कांग्रेस पर इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।

कोका-कोला इंडिया के एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में चिराग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छात्रों, युवाओं और किसानों के कल्याण को लेकर बहुत गंभीर हैं और प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत के सभी रास्ते खुले रखे गए हैं।

उन्होंने कहा, “सरकार ने बातचीत के सभी रास्ते खुले रखे हैं। मेरा मानना ​​है कि बातचीत से हर समस्या का समाधान निकल सकता है; इसलिए मुझे उम्मीद है कि जल्द ही हमें एक ऐसा साझा मंच मिलेगा, जहां हम चर्चा कर सकेंगे और किसी नतीजे पर पहुंच सकेंगे।”

चिराग ने कांग्रेस पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन से राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “हम छात्रों से बातचीत कर रहे हैं। कांग्रेस इस पर राजनीति कर रही है।”

चिराग ने कहा, “राहुल जी और प्रियंका जी किस तरह प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठे… कुछ जगहें संवेदनशील होती हैं, खासकर तब जब (भारतीय न्याय संहिता की) धारा-163 लागू हो। अगर कोई असामाजिक तत्व आ जाए, तो क्या होगा?”

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी में हाल में हुए विरोध-प्रदर्शनों में असामाजिक तत्व भी घुस आए थे।

उन्होंने कहा, “हमने ऐसे वीडियो भी देखे हैं, जिनमें पुलिसकर्मियों को पीटा जा रहा है और अधिकारियों पर हमले हो रहे हैं। जाहिर है, ऐसा करने वाले छात्र नहीं हैं। उनकी आड़ में कुछ असामाजिक तत्व बीच में आ जाते हैं।”

चिराग ने नीट प्रश्नपत्र लीक विवाद को संभालने के सरकार के तरीके का भी बचाव किया।

उन्होंने कहा, “कौन-सी सरकार छात्रों का बुरा चाहेगी? अगर कोई गलती हुई है, तो उसे सुधारा जाएगा और हमने ऐसा किया भी है। नीट का प्रश्नपत्र लीक हुआ, हमने कार्रवाई की, दोबारा परीक्षा कराई गई, नतीजे आए और अब वे छात्र काउंसलिंग की प्रक्रिया में हैं।”

विपक्ष से संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलने देने का आग्रह करते हुए चिराग ने कहा कि सदन के कामकाज में बाधा डालने के बजाय वहां चर्चा की जानी चाहिए।

उन्होंने विपक्ष पर अपनी मांगों को बार-बार बदलने का आरोप लगाते हुए कहा, “मैं कांग्रेस से आग्रह करता हूं कि वह इस मुद्दे पर संसद में चर्चा करे। हम हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं। प्रश्नकाल का उपयोग करें; हम जवाब देने के लिए बाध्य हैं। लेकिन ऐसा करने के बजाय वे हंगामा करते हैं।”

चिराग ने कहा कि छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर फैलाई जा रही “गलत जानकारी” चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा, “जब गलतफहमियां फैलाई जाती हैं और लोगों को उकसाया जाता है, तो असामाजिक तत्व स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। जब तक कोई राजनीतिक दल इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करता, तब तक इसका समाधान किया जा सकता है।”

भाषा पारुल अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में