पंजाब: तीर्थ यात्रा योजना के श्रद्धालुओं को ले जा रही बस के चालक पर हमला, दो गिरफ्तार

पंजाब: तीर्थ यात्रा योजना के श्रद्धालुओं को ले जा रही बस के चालक पर हमला, दो गिरफ्तार

पंजाब: तीर्थ यात्रा योजना के श्रद्धालुओं को ले जा रही बस के चालक पर हमला, दो गिरफ्तार
Modified Date: July 22, 2026 / 09:55 pm IST
Published Date: July 22, 2026 9:55 pm IST

चंडीगढ़, 22 जुलाई (भाषा) पंजाब के अमृतसर में राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत श्रद्धालुओं को ले जा रही एक बस के चालक पर हमला करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को हुई, जब बस अटारी-वाघा बॉर्डर से अमृतसर लौट रही थी।

पुलिस उपाधीक्षक (अटारी) यादविंदर सिंह ने बताया कि जब बस डिफेंस ड्रेन इलाके के पास पहुंची, तो कार में सवार दो लोगों ने कथित तौर पर बस को रोका, कुल्हाड़ी से चालक पर हमला किया और यात्रियों के साथ भी हाथापाई की।

उन्होंने बताया कि घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस ने आरोपियों, गुरविंदर सिंह और बख्शीश सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

पंजाब सरकार बुजुर्गों के लिए धार्मिक स्थलों की मुफ्त तीर्थयात्रा की सुविधा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ संचालित करती है।

आम आदमी पार्टी के नेता बलतेज पन्नू ने इस घटना की निंदा की।

उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें शामिल लोगों के कांग्रेस से संबंध थे और वे ‘कल्याणकारी योजना की बढ़ती लोकप्रियता से परेशान’ थे।

पन्नू ने दावा किया कि बस पर बिना किसी उकसावे के ‘हमला’ किया गया।

भाषा

राखी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में