ओडिशा के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बी आर आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

ओडिशा के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बी आर आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

ओडिशा के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बी आर आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की
Modified Date: April 14, 2026 / 09:19 pm IST
Published Date: April 14, 2026 9:19 pm IST

भुवनेश्वर, 14 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने मंगलवार को बी आर आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने में राज्य का नेतृत्व किया और कहा कि संविधान निर्माता का भारत की लोकतांत्रिक संरचना पर अमिट प्रभाव रहा है।

अपने गृह जिले क्योंझर का दौरा कर रहे मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया पर आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें ‘सामाजिक न्याय का प्रतीक’ बताया।

माझी ने कहा, ‘‘ भारतीय संविधान के निर्माता और सामाजिक न्याय के प्रतीक, बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक कोटि-कोटि नमन।’

माझी ने कहा, ‘सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना में उनके अतुलनीय योगदान ने हमारे लोकतंत्र को मजबूती प्रदान की है। एक प्रगतिशील और समृद्ध ओडिशा के निर्माण के लिए उनके आदर्श हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।’

ओडिशा के राज्यपाल कंभमपति ने कहा कि भारतीय संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में, आंबेडकर ने इसके स्वरूप को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और हाशिए पर पड़े समुदायों के अधिकारों की वकालत की, जिससे भारत की लोकतांत्रिक ढांचे पर स्थायी प्रभाव पड़ा।

बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख नवीन पटनायक, कांग्रेस की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष भक्त चरण दास और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के प्रमुख मनमोहन सलाम ने भी आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।

विभिन्न राजनीतिक दलों ने इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए।

बीजद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी के नेताओं ने एजी स्क्वायर स्थित आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। बीजद के राज्य मुख्यालय में आंबेडकर के जीवन, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके अपार योगदान पर चर्चा करने के लिए एक बैठक आयोजित की गई।

इसी तरह की बैठकें कांग्रेस भवन और भाजपा के राज्य मुख्यालयों में भी आयोजित की गईं।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में