इंफाल, 29 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने बुधवार को सभी नागरिकों, विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
मुख्यमंत्री सचिवालय में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सदस्य विजया भारती सयानी के साथ बैठक के बाद सिंह ने ये टिप्पणियां कीं।
सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज सचिवालय में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) की माननीय सदस्य श्रीमती विजया भारती सयानी ने मुझसे मुलाकात की। हमने मणिपुर में व्याप्त अशांति के संदर्भ में मानवाधिकारों की मौजूदा स्थिति पर व्यापक चर्चा की।’
सिंह ने जोर देकर कहा कि मानवाधिकार उल्लंघन के मामलों का संज्ञान लिया गया है और सरकार सभी नागरिकों के मानवाधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य भर में गरिमा, न्याय और सुरक्षा की रक्षा के लिए समन्वित उपायों पर विचार किया जा रहा है और उन्हें मजबूत बनाया जा रहा है। सरकार संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने और शांति, स्थिरता और जनविश्वास को बहाल करने की दिशा में काम करने के अपने संकल्प को दोहराती है।’
इस बीच, राज्य के मानवाधिकार संगठनों ने आरोप लगाया है कि घाटी के जिलों में विरोध रैलियों के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा मानवाधिकारों का उल्लंघन किया गया।
भाषा राखी संतोष
संतोष