इंफाल, 28 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने मंगलवार को कहा कि जातीय हिंसा से प्रभावित राज्य में शांति, विकास की पूर्व शर्त है और सरकार संवाद के माध्यम से सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
सिंह ने ये बातें इंफाल पूर्वी जिले के चानम सैंड्रोक में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सरकार राज्य के सभी समुदायों के लिए राजमार्गों पर निर्बाध आवागमन बहाल करने और बातचीत के माध्यम से शांति स्थापित करने का प्रयास कर रही है।’’
संघर्षरत मेइती और कुकी समुदायों ने एक-दूसरे को राजमार्गों का उपयोग करने से रोकने के लिए प्रमुख राजमार्गों को अवरुद्ध कर दिया था।
मुख्यमंत्री सिंह ने कहा, ‘‘सरकार द्वारा सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयासों के बीच ट्रोंग्लाओबी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना अचानक घटित हुई, जिसमें दो मासूम बच्चों की जान चली गई।’’
सात अप्रैल को बिष्णुपुर जिले के ट्रोंग्लाओबी में हुए बम हमले में पांच वर्षीय लड़के और उसकी छह माह की बहन की मौत हो गई थी और उनकी मां घायल हो गई थी। हमले के समय तीनों अपने घर में सो रहे थे। इस घटना के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस तरह की घटनाओं से सभी समुदायों को दुख और पीड़ा हुई है। मणिपुर के मुख्यमंत्री के रूप में, मुझे भी इस घटना से उतनी ही दुख और पीड़ा हुई है।’’
सिंह ने बताया कि मामले की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंप दी गई है। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि दोषियों को सजा दी जाएगी।
भाषा शफीक नरेश
नरेश