गुजरात: मंजलपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार समाप्त, 30 जुलाई को मतदान

Ads

गुजरात: मंजलपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार समाप्त, 30 जुलाई को मतदान

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 08:45 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 08:45 PM IST

अहमदाबाद, 28 जुलाई (भाषा) गुजरात के वडोदरा जिले की मंजलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार मंगलवार शाम समाप्त हो गया। इस सीट पर मैदान में उतरे दो उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 30 जुलाई को होने वाले मतदान में होगा।

गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, मतदान बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी।

यह उपचुनाव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री योगेश पटेल का दो जून को लंबी बीमारी के बाद निधन होने के कारण कराया जा रहा है।

सत्तारूढ़ भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने अपनी गुजरात इकाई के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी को मैदान में उतारा है।

इस उपचुनाव में कुल 2.19 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इनमें 1,11,645 पुरुष, 1,07,847 महिलाएं और तृतीय लिंग श्रेणी के दो मतदाता शामिल हैं।

मतदान के लिए 62 स्थानों पर 260 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर औसतन 844 मतदाता पंजीकृत हैं।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल