गुजरात के मुख्यमंत्री ने अमरेली में 707 करोड़ रु की 24 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

Ads

गुजरात के मुख्यमंत्री ने अमरेली में 707 करोड़ रु की 24 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

  •  
  • Publish Date - March 22, 2026 / 09:25 PM IST,
    Updated On - March 22, 2026 / 09:25 PM IST

अमरेली (गुजरात), 22 मार्च (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को अमरेली में 707 करोड़ रुपये की 24 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सरकार जिले की प्रगति के लिए धन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री पटेल ने यहां कृषि उपज बाजार समिति (एपीएमसी) में 681.78 करोड़ रुपये की 14 परियोजनाओं का शिलान्यास किया और 25.23 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने किसानों की उपज की सुरक्षा के लिए 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विशाल ‘विराट’ शेड का भी उद्घाटन किया।

पटेल ने कहा कि राज्य सरकार जिले के विकास के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने परियोजनाओं के योजनाबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित ‘सौराष्ट्र क्षेत्रीय जीवंत शिखर सम्मेलन’ में अमरेली के लिए लगभग 36,000 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए एक नई कृषि उपज बाजार समिति (जीआईडीसी) को भी मंजूरी दी गई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शासन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात वित्तीय प्रबंधन में अग्रणी बना हुआ है, ताकि यह सुनिश्चित हो कि विकास परियोजनाओं को धन की कमी का सामना न करना पड़े।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि घोषित प्रमुख परियोजनाओं में 272 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला राधेश्याम मचियाला बाईपास, लाठी रोड पर 95 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ओवरब्रिज, 35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला प्राकृतिक कृषि महाविद्यालय शामिल हैं।

भाषा संतोष नरेश

नरेश