MP IAS-IPS Posting. Image Source- IBC24 Archive
भोपालः MP IAS-IPS Posting: मध्यप्रदेश में सीएम मोहन यादव के निर्देश के बाद सीधी जिले के कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी और गुना के एसपी अंकित सोनी को हटा दिया गया है। दोनों की जगह अब नए अफसरों की तैनाती भी कर दी गई है। 2013 बैच के IAS अफसर विकास मिश्रा को सीधी कलेक्टर बनाया गया है। वहीं 2017 बैच के IPS अफसर हितिका वसल को गुना जिले में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन और गृह विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।
दरअसल रविवार को सीएम मोहन यादव अचानक सीधी दौरे पर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें गुना एसपी और सीधी कलेक्टर को लेकर कई शिकायतें मिली थी, जिसके बाद सीएम ने दोनों अफसरों को हटाने के निर्देश दिए थे। सीएम के निर्देश के बाद अब सामान्य प्रशासन विभाग ने दोनों को उनके जिलों से हटा दिया है और नए अफसरों की तैनाती कर दी है।
MP IAS-IPS Posting: इस कार्रवाई को लेकर सीएम मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर लिखा कि गुना जिले में तलाशी में मिली नक़द राशि के प्रकरण में पुलिस अधीक्षक की भूमिका को यथोचित न मानते हुए तत्काल प्रभाव से जिला पुलिस अधीक्षक, गुना अंकित सोनी को हटाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक शिथिलता, लापरवाही अथवा अनियमितता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा कि आज सीधी जिला मुख्यालय में आकस्मिक निरीक्षण किया। इसमें जनता एवं जनप्रतिनिधिगणों की शिकायतों, जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा एवं फीडबैक के आधार पर जिला कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं। महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक पीएस धनवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। अधिकारी जहाँ काम कर रहे हैं, उनको जवाबदारी से काम करना चाहिए। जवाबदारी उनकी नियुक्ति के साथ ही होती है।