गुजरात के मुख्यमंत्री ने आदिवासी जिलों में 1,100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की

Ads

गुजरात के मुख्यमंत्री ने आदिवासी जिलों में 1,100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 09:34 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 09:34 PM IST

अहमदाबाद, 15 मार्च (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को आदिवासी बहुल जिलों पंचमहल और दाहोद में करीब 1,100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जिनमें अधिकांश सिंचाई योजना से जुड़ी थीं।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पटेल ने पंचमहल जिले में 732 करोड़ रुपये की 112 परियोजनाओं की शुरुआत की जबकि दाहोद जिले में 367 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 1,200 से ज्यादा परियोजनाओं की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने पंचमहल जिले के सेहरा, गोधरा, कलोल और घोघंबा तालुकों के 79 गांवों में स्थित 130 तालाबों तक पनाम जलाशय से पानी पहुंचाने के लिए लगभग 406 करोड़ रुपये की सिंचाई पाइपलाइन परियोजना का उद्घाटन किया।

पटेल ने बताया कि राज्य के आदिवासी क्षेत्र में अब तक 3,160 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं के माध्यम से 2,23,000 एकड़ भूमि को सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष के चार लाख करोड़ रुपये के राज्य बजट में आदिवासी क्षेत्रों में लिफ्ट सिंचाई के लिए 485 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

इसके अलावा छोटा उदेपुर, दाहोद और पंचमहल जिलों में 51,480 हेक्टेयर कृषि भूमि को नर्मदा आधारित लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है।

भाषा खारी नरेश

नरेश