भुज, 25 अगस्त (भाषा) गुजरात पुलिस ने कच्छ जिले में नकली शराब बनाने वाली एक फैक्टरी का मंगलवार को भंडाफोड़ किया और भारत निर्मित विदेशी शराब के एक मशहूर ब्रांड की लगभग 10,000 खाली और भरी हुई बोतलें जब्त कीं। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह कार्रवाई राज्य के भावनगर जिले में, भारत निर्मित विदेशी शराब के एक मशहूर ब्रांड के लेबल वाली बोतलों में भरी नकली शराब पीने से 13 लोगों की मौत होने के कुछ दिनों बाद की गई है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 27 लोगों को गिरफ़्तार किया है।
सीमा क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक चिराग कोरियाडिया ने कहा, ‘‘जिले के आदिपुर में एक अस्थायी फैक्टरी से लगभग 9,400 खाली बोतलें और 180 मिलीलीटर शराब से भरी 600 बोतलें तथा 600 लीटर रसायन जब्त किए गए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘शराब की कुछ खाली और भरी बोतलें और रसायन जब्त किए गए हैं। हमने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।’’
भाषा सुभाष सिम्मी
सिम्मी