गुजरात सरकार ने पुलिस के लिए 500 नयी जनरक्षक गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई, अब बेड़े में 1000 वाहन

Ads

गुजरात सरकार ने पुलिस के लिए 500 नयी जनरक्षक गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई, अब बेड़े में 1000 वाहन

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 06:57 PM IST

गांधीनगर, 25 अगस्त (भाषा) गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने मंगलवार को राज्य की राजधानी गांधीनगर में 500 अतिरिक्त ‘112-जनरक्षक’ गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई, जिससे पुलिस बेड़े में वाहनों की कुल संख्या बढ़ कर 1,000 हो गई है।

राज्य सरकार के इस कदम का उद्देश्य मौके पर पुलिस के शीघ्र पहुंचने को सुगम करना है।

गुजरात की सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पिछले साल अगस्त में ‘जनरक्षक’ परियोजना शुरू की थी। यह एक समेकित परियोजना है जो आपदा प्रबंधन, बाल हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन, अग्निशमन सेवा, एम्बुलेंस और पुलिस सहायता जैसी सुरक्षा से जुड़ी सभी सेवाओं को एक ही आपात नंबर ‘112’ से जोड़ती है।

एक सरकारी बयान में कहा गया है, ‘‘राज्य के नागरिकों को तेज़ी से और असरदार आपात सेवाएं देने के मकसद से, गुजरात पुलिस के बेड़े में 500 और ‘112-जनरक्षक’ गाड़ियां शामिल की गई हैं।

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने गांधीनगर के नवा सचिवालय से इन नयी गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।’’

संघवी के पास गृहविभाग है।

बयान में कहा गया है कि इसके साथ ही, अब पूरे राज्य में आपात कार्रवाई के लिए कुल 1,000 ‘जनरक्षक’ गाड़ियां चौबीसों घंटे तैनात रहेंगी।

भाषा

राजकुमार सुभाष

सुभाष