गुजरात : दो सरपंचों के पति रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार
गुजरात : दो सरपंचों के पति रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार
अहमदाबाद, नौ जून (भाषा) गुजरात में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पिछले दो दिन में रिश्तखोरी के दो अलग-अलग मामलों में दो सरपंचों के पतियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि एसीबी ने सोमवार को देवभूमि द्वारका जिले के कल्याणपुर तालुका में दो लोगों को पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिपर ग्राम पंचायत की सरपंच के पति दाह्याभाई परमार और उनके भाई एवं पंचायत सदस्य जीवाभाई परमार के तौर पर हुई है, जो कल्याणपुर तालुका के रहने वाले हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, दाह्याभाई और जीवाभाई ने हरिपर गांव में काले पत्थर के खनन के कारण होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए एक व्यक्ति और उसके कारोबारी साझेदार से कथित तौर पर 30 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
उन्होंने बताया कि आरोपी बाद में 20 लाख रुपये लेने को तैयार हो गये, जिसमें से पांच लाख रुपये सोमवार को पहली किस्त के तौर पर दिए जाने थे।
अधिकारियों के अनुसार, खदान मालिक की शिकायत पर एसीबी ने कल्याणपुर शहर में शिकायतकर्ता के दोस्त के दफ्तर में जाल बिछाया, जहां दोनों आरोपियों को कथित तौर पर पांच लाख रुपये लेते हुए पकड़ा गया।
एसीबी ने बताया कि मंगलवार को एक अन्य मामले में एसीबी ने बनासकांठा जिले के डीसा तालुका में धरपाड़ा ग्राम पंचायत की सरपंच के पति वधुजी सोलंकी को 1.10 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया।
अधिकारियों ने बताया कि एक व्यक्ति ने गांव से मिट्टी उठाने की इजाजत के लिए ग्राम पंचायत से संपर्क किया था, जिसके बाद पंचायत ने एक प्रस्ताव पारित करके उसे सिंचाई विभाग को भेज दिया।
एसीबी ने कहा कि इसके बाद आरोपी ने गांव के तालाब से मिट्टी खोदने की इजाजत देने के लिए कथित तौर पर 1.10 लाख रुपये की मांग की।
एजेंसी ने कहा कि शिकायतकर्ता के एसीबी से संपर्क करने के बाद जूना डीसा में एक सड़क पर जाल बिछाया गया, जहां सोलंकी कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़े गए।
एसीबी ने कहा कि दोनों मामलों की जांच जारी है।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप

Facebook


