गुरुग्राम पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में फर्म के निदेशक को गिरफ्तार किया
गुरुग्राम पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में फर्म के निदेशक को गिरफ्तार किया
गुरुग्राम (हरियाणा), 18 अप्रैल (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में प्रॉपर्टी क्षेत्र की एक कंपनी के निदेशक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपियों पर शिकायतकर्ता की संपत्ति को अदला-बदली के सौदे के जरिए अपने नाम पर करने का आरोप है लेकिन बदले में पीड़ित को परियोजना में कोई लाभ नहीं दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि केएस प्रॉपमार्ट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक ने उन्हें सेक्टर-85 स्थित ‘पार्क स्ट्रीट’ परियोजना में निवेश करने के लिए प्रेरित किया था।
पुलिस ने खेड़की दौला थाने में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने जांच के दौरान शुक्रवार को गुरुग्राम के सेक्टर-109 से दो आरोपियों देवेंद्र पांडे (60) और नवीन कुमार (38) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी सेक्टर-109 के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित को अच्छे मुनाफे का लालच देकर दो व्यावसायिक जगह बुक करने के लिए राजी किया गया था।
कंपनी ने शुरू में आकर्षक मुनाफे का वादा किया लेकिन बाद में न तो भुगतान किया और न ही समझौते के अनुसार जगह वापस खरीदीं और बिक्री विलेख भी नहीं कराया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने निवेश की गई राशि का भी गबन कर लिया, जिससे पीड़ित को आर्थिक नुकसान हुआ।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, “पुलिस जांच में पता चला कि कंपनी के निदेशक देवेंद्र पांडे ने अपने साथी नवीन कुमार के साथ मिलकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया। कुमार ने इस सौदे में बिचौलिए की भूमिका निभाई और बदले में लगभग आठ लाख रुपये प्राप्त किए। हम आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं।”
भाषा जितेंद्र शफीक
शफीक

Facebook


