गुरुग्राम पुलिस ने 45 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया

Ads

गुरुग्राम पुलिस ने 45 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 09:19 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 09:19 PM IST

गुरुग्राम, दो सितंबर (भाषा) गुरुग्राम पुलिस की साइबर टीमों ने बीते सप्ताह 45 संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से आठ मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक और 2.27 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि 24 से 30 अगस्त के बीच विभिन्न प्रकार की साइबर धोखाधड़ी में शामिल 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों से सक्रिय साइबर जालसाजों और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी साइबर) गौरव फोगट ने बताया, ‘ये लोग निवेश और शेयर कारोबार में मुनाफे का लालच देकर, नौकरी और टिकट बुकिंग के नाम पर, तथा फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर लोगों को ठगते थे। इसके अलावा, आरोपी संदिग्ध एपीके फाइलें भेजकर फोन हैक करने, इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करने, खुद को अधिकारी बताकर ‘डिजिटल अरेस्ट’ करने और अश्लील सामग्री के जरिए ब्लैकमेल (सेक्सटॉर्शन) करने जैसे साइबर अपराधों में लिप्त थे।’

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश