गुरुग्राम : घर में मिला महिला का शव, पति की तलाश शुरू

Ads

गुरुग्राम : घर में मिला महिला का शव, पति की तलाश शुरू

  •  
  • Publish Date - January 1, 2024 / 04:11 PM IST,
    Updated On - January 1, 2024 / 04:11 PM IST

गुरुग्राम (हरियाणा), एक जनवरी (भाषा) गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 इलाके में स्थित एक फ्लैट में एक 23 वर्षीय महिला का खून से लथपथ शव मिला है। पुलिस मृतका के पति की तलाश कर रही है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला और उसका दो साल का बच्चा नजदीक ही बैठा रो रहा था।

पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। पुलिस को शक है कि महिला का पति हत्या करने के बाद फरार हो गया है।

अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम को घर बंद मिला और जब दरवाजा तोड़ा गया तो देखा कि महिला खून से लथपथ थी और उसका बच्चा शव के पास बैठा रो रहा था।

पीड़िता लक्ष्मी रावत आगरा की मूल निवासी थीं और उसकी शादी गौरव शर्मा से हुई थी।

पुलिस ने कहा कि दोनों लगभग छह महीने पहले इस घर में रहने आए थे।

पुलिस को संदेह है कि हत्या एक दिन पहले हुई थी।

सहायक पुलिस आयुक्त (डीएलएफ) विकास कौशिक ने कहा, ‘‘हम सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं और महिला के लापता पति को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं।’’

भाषा शफीक नरेश

नरेश