‘हर घर तिरंगा’ अभियान: दिल्ली सरकार स्वयं सहायता समूहों से खरीदेगी दो लाख तिरंगे

Ads

‘हर घर तिरंगा’ अभियान: दिल्ली सरकार स्वयं सहायता समूहों से खरीदेगी दो लाख तिरंगे

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 04:45 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 04:45 PM IST

नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) दिल्ली सरकार स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत वितरण के लिए स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से लगभग दो लाख तिरंगे खरीदेगी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से रविवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गयी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस अभियान के तहत दिल्ली में 15 लाख से अधिक राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जनभागीदारी, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली के स्वयं सहायता समूहों को इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है।

गुप्ता ने कहा कि राज्य शहरी आजीविका मिशन की ओर से चिह्नित पात्र स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लगभगत दो लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार समाज के हर वर्ग की भागीदारी से इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और साथ ही स्वयं सहायता समूहों के आर्थिक सशक्तीकरण के अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे से जुड़ी गरिमा, सम्मान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बने।

बयान में बताया गया कि सरकार ऑनलाइन मंचों से भी राष्ट्रीय ध्वज खरीदेगी ताकि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान दिल्ली के हर घर तक पहुंच सके।

भाषा जितेंद्र देवेंद्र

देवेंद्र