देशभक्ति की भावना को बढ़ाने का बेहतर माध्यम है ‘हर घर तिरंगा’ अभियान: मुख्यमंत्री शर्मा

देशभक्ति की भावना को बढ़ाने का बेहतर माध्यम है 'हर घर तिरंगा' अभियान: मुख्यमंत्री शर्मा

देशभक्ति की भावना को बढ़ाने का बेहतर माध्यम है ‘हर घर तिरंगा’ अभियान: मुख्यमंत्री शर्मा
Modified Date: August 7, 2025 / 07:06 pm IST
Published Date: August 7, 2025 7:06 pm IST

जयपुर, सात अगस्त (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में देशभक्ति की भावना को बढ़ाने का बेहतर माध्यम है।

वह यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ और ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ को लेकर आयोजित प्रदेश कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

शर्मा ने कहा कि इस अभियान में भाजपा बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल, जिला और संभाग स्तर पर वृहद कार्यक्रम करेगी।

उन्होंने कहा,“इन 11 साल में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए और देश के परिवर्तन को आज हर भारतीय महसूस कर रहा है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद जिस तरह देशभर में विजयोत्सव मनाया गया, लोगों ने तिरंगा यात्राएं निकालकर सेना के शौर्य को सलाम किया, उसी देशभक्ति के जज्बे को कायम रखने के लिए भाजपा ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ शुरू किया है।

उन्होंने कहा, “‘हर घर तिरंगा’ अभियान और विभाजन विभीषिका ऐसे अवसर है जो हमें आमजन से जुड़ने का अवसर प्रदान करते है।”

शर्मा ने दावा किया कि कांग्रेस ने ही देश को तोड़ने का काम किया था और आज कांग्रेसी नेता पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं।

उन्होंने कहा, “आज अगर कोई हमारे देश के खिलाफ बोलता है, हमारी संस्कृति के खिलाफ बोलता है तो इससे उसकी मनोवृत्ति की स्थिति का पता चलता है। ऐसे में मैं ईश्वर से कामना करता हूं कि ईश्वर देश के खिलाफ बोलने वालों को सद्बुद्धि प्रदान करें।”

भाजपा सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपनी भागीदारी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को ऐतिहासिक बनाना चाहिए।

अभियान के प्रदेश संयोजक अशोक परनामी ने बताया कि भाजपा 10 से 14 अगस्त तक मंडल, जिला, संभाग स्तर पर तिरंगा यात्रा निकालेगी।

भाषा पृथ्वी नोमान

नोमान


लेखक के बारे में