हरियाणा: चौटाला का पार्थिव शरीर तेजा खेड़ा फार्महाउस में रखा गया, तीन बजे होगा अंतिम संस्कार

Ads

हरियाणा: चौटाला का पार्थिव शरीर तेजा खेड़ा फार्महाउस में रखा गया, तीन बजे होगा अंतिम संस्कार

  •  
  • Publish Date - December 21, 2024 / 11:54 AM IST,
    Updated On - December 21, 2024 / 11:54 AM IST

चंडीगढ़, 21 दिसंबर (भाषा) हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का पार्थिव शरीर सिरसा में तेजा खेड़ा स्थित उनके परिवार के फार्महाउस में शनिवार को लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के एक नेता ने यह जानकारी दी।

इनेलो नेता ने बताया कि तेजा खेड़ा गांव में अपराह्न तीन बजे राजकीय सम्मान के साथ चौटाला का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

चौटाला का शुक्रवार को गुरुग्राम में निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे।

इनेलो के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया था कि चौटाला की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उनका निधन हो गया।

चौटाला के अंतिम संस्कार में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ समेत कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।

ओम प्रकाश चौटाला के छोटे बेटे अभय सिंह चौटाला (इनेलो नेता) एवं बड़े बेटे अजय सिंह चौटाला (जननायक जनता पार्टी प्रमुख) और पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सहित परिवार के अन्य सदस्य तेजा खेड़ा पहुंचे।

कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा एवं रणदीप सिंह सुरजेवाला भी पांच बार मुख्यमंत्री रहे चौटाला को श्रद्धांजलि देने उनके फार्महाउस पहुंचे। गांव में भी बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए हैं।

हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया। इसके अलावा शनिवार को सभी कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

भाषा

सिम्मी प्रशांत

प्रशांत

ताजा खबर