हरियाणा: मुख्यमंत्री सैनी झूला दुर्घटना के कुछ दिन बाद पहुंचे सूरजकुंड मेला, घायलों से की मुलाकात

Ads

हरियाणा: मुख्यमंत्री सैनी झूला दुर्घटना के कुछ दिन बाद पहुंचे सूरजकुंड मेला, घायलों से की मुलाकात

  •  
  • Publish Date - February 13, 2026 / 12:53 AM IST,
    Updated On - February 13, 2026 / 12:53 AM IST

फरीदाबाद, 12 फरवरी (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में सूरजकुंड मेले के दौरान एक विशाल झूले के टूटकर गिरने के कुछ दिन बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बृहस्पतिवार को मेला परिसर पहुंचे और यहां के एक अस्पताल में भर्ती तीन घायलों से मुलाकात की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस हादसे में ड्यूटी पर तैनात एक निरीक्षक की मौत हो गई थी और 12 अन्य लोग घायल हुए थे।

आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनके इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी।

सैनी ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले निरीक्षक जगदीश प्रसाद के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार उनके परिवार को नौकरी और आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।

सैनी ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए झूलों और मनोरंजन स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक ‘झूला सुरक्षा नीति’ बनाई जाएगी।

यह घटना गत शनिवार को 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में उस समय हुई, जब लगभग 19 लोग झूले पर सवार थे और अचानक झूला झुककर जमीन पर गिर गया।

लोगों को बचाने की कोशिश में जान गंवाने वाले निरीक्षक प्रसाद (58) वर्ष 1989 में हरियाणा सशस्त्र पुलिस में भर्ती हुए थे और मार्च में 36 साल की सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे।

पुलिस ने रविवार को घटना के संबंध में झूले के संचालक और उसके एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया था।

भाषा जितेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल