हरियाणा : मुख्यमंत्री सैनी ने अंबाला में नमो मैराथन को दिखाई हरी झंडी

हरियाणा : मुख्यमंत्री सैनी ने अंबाला में नमो मैराथन को दिखाई हरी झंडी

हरियाणा : मुख्यमंत्री सैनी ने अंबाला में नमो मैराथन को दिखाई हरी झंडी
Modified Date: September 17, 2026 / 01:33 pm IST
Published Date: September 17, 2026 1:33 pm IST

अंबाला, 17 सितंबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को अंबाला में एक मैराथन को हरी झंडी दिखाई और युवाओं से नशे से दूर रहने, अपने सपनों को पूरा करने तथा अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाने की अपील की।

‘नशा मुक्त हरियाणा नमो मैराथन’ को रवाना करने से पहले सैनी ने कहा कि नशा परिवारों की खुशियां छीन लेता है, जीवन बर्बाद करता है और धीरे-धीरे समाज को खोखला कर देता है।

उन्होंने कहा, ‘‘नशे की समस्या से हमें मिलकर लड़ना होगा।’’

सैनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व तथा युवाओं पर भरोसा जताने की सराहना की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि भारत के युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार की भावना विकसित राष्ट्र के निर्माण की सबसे मजबूत नींव है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उनके सक्षम नेतृत्व में आज का भारत युवाओं को सपने देखने और उन्हें हकीकत में बदलने के अवसर प्रदान कर रहा है।’’

सैनी ने कहा कि ‘नमो मैराथन’ का प्रमुख संदेश युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना है।

उन्होंने युवाओं से कहा, ‘‘आपके सपने और आपका भविष्य अनमोल हैं। अपने सपनों को जिएं।’’ उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की चुनौती से निपटने के लिए राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई, जागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर केंद्रित मजबूत व्यवस्था बनाई है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैराथन में हजारों युवाओं की भागीदारी का उत्साह साबित करता है कि अंबाला ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है।’’

भाषा मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में