चंडीगढ़, 27 (मई) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेल मंत्रालय द्वारा राज्य में देश की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन के परिचालन को मंजूरी दिये जाने के बाद बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे भारत को एक नई पहचान मिलेगी।
रेलवे ने उत्तरी रेलवे के जींद-सोनीपत खंड पर हाइड्रोजन ईंधन सेल आधारित 10 डिब्बों वाली एक रेलगाड़ी चलाने की मंजूरी दे दी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा विकास, प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है और यह परियोजना राज्य के लिए अवसरों के नए द्वार खोलेगी।
सैनी ने कहा कि यह न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो भारत को आधुनिक, पर्यावरण के अनुकूल और भविष्योन्मुखी सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक नयी पहचान प्रदान करेगी।
यह रेलगाड़ी जल्द ही शुरू होने वाली है और 1200 किलोवाट हाइड्रोजन फ्यूल सेल प्रणोदन प्रणाली द्वारा संचालित होकर अधिकतम 75 किमी प्रति घंटे की गति से चलेगी।
इस ट्रेन की कुल क्षमता 1,200 किलोवाट होगी और यह ‘डिस्ट्रिब्यूटेड पावर रोलिंग स्टॉक’ (डीपीआरएस) तकनीक पर आधारित होगी। इस तकनीक में पूरी ट्रेन को चलाने के लिये एक ही इंजन पर निर्भर रहने के बजाय अलग-अलग डिब्बों में ऊर्जा का वितरण किया जाता है।
भाषा प्रशांत माधव
माधव