हिसार, 12 जुलाई (भाषा) हरियाणा के हिसार में रविवार को मिठाई की एक दुकान पर काम करने वाले 34 वर्षीय व्यक्ति की लिफ्ट के दरवाजों के बीच गर्दन फंस जाने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना यहां के व्यस्त व्यावसायिक इलाके नागोरी गेट में हुई। मृतक की पहचान हिसार के कुंभा खेड़ा गांव के रहने वाले जसबीर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जसबीर पिछली रात दुकान के अंदर ही सोया था। सुबह उसे दुकान की दूसरी मंजिल पर जाने के लिए कहा गया। इसके बाद वह लिफ्ट में गया लेकिन दूसरी मंजिल पर हादसे का शिकार हो गया।
मृतक के पिता राम मेहर ने इस घटना में किसी साजिश की आशंका जताते हुए मौत की जांच करने की मांग की है।
पुलिस जांच कर रही है कि दुकान में लिफ्ट के लिए सुरक्षा के पुख्ता उपाय थे या नहीं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा किसी तकनीकी खराबी या लापरवाही का परिणाम है या फिर इसके पीछे कोई साजिश थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
भाषा सुमित संतोष
संतोष