हरियाणा: राज्यपाल ने नूंह में शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया

Ads

हरियाणा: राज्यपाल ने नूंह में शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 07:12 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 07:12 PM IST

नूंह, एक मई (भाषा) हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने शुक्रवार को यहां प्रशासनिक अधिकारियों और शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभागों के अधिकारियों के साथ एक व्यापक समीक्षा बैठक में जिले का समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए ठोस व समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

राज्यपाल ने कहा कि प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य जनता की शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी और संवेदनशील निवारण सुनिश्चित करना होना चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशासन से संपर्क करने वाले प्रत्येक नागरिक को निष्पक्ष सुनवाई और संतोषजनक समाधान दिया जाना चाहिए ताकि शासन में जनता का विश्वास मजबूत हो सके।

घोष ने अधिकारियों को नियमित रूप से जमीनी स्तर पर निगरानी करने और जारी परियोजनाओं की जमीनी हकीकत का सटीक आकलन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।

राज्यपाल ने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सरकारी कार्यालयों, स्वास्थ्य सेवाओं तथा शैक्षणिक संस्थानों में और सुधार करने का आह्वान किया।

आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्यपाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्य का सकारात्मक माहौल बनाए रखने तथा जनता के साथ प्रभावी संचार स्थापित करने का आग्रह किया।

भाषा जितेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल