अंबाला (हरियाणा), 15 सितंबर (भाषा) अंबाला की एक अदालत ने एक महिला के यौन शोषण और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के जुर्म में एक व्यक्ति को 12 साल की जेल की सजा सुनायी है।
अंबाला की त्वरित अदालत की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश आरती सिंह ने बुधवार को शहर के रहने वाले विजय कुमार को जेल की सजा सुनायी।
अभियोजन के अनुसार, 2017 में घटना के वक्त 18 साल की महिला अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन के आगे कूद गयी थी, जिससे उसके दोनों पैर कट गए थे। उसके बयान पर राजकीय रेलवे पुलिस ने कुमार के खिलाफ एक मामला दर्ज किया था।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा था कि कुमार ने उससे शादी करने का वादा किया था जबकि यह बात उससे छिपायी कि वह पहले से शादीशुदा था। वह उसे विभिन्न होटलों में ले गया, जहां उसने उसका यौन शोषण किया। शिकायत के मुताबिक, महिला ने जब उसे शादी करने पर जोर दिया तो उसने इनकार कर दिया तथा उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इस बीच उसे पता चल गया कि कुमार पहले से ही शादीशुदा है।
अभियोजन के अनुसार महिला ने बाद में स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायी थी लेकिन उस पर कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। अभियोजन ने अपने पक्ष में 23 गवाह पेश किए थे।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा