हरियाणा में अगले साल 20,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती होगी: डीजीपी
हरियाणा में अगले साल 20,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती होगी: डीजीपी
गुरुग्राम, 28 सितंबर (भाषा) हरियाणा पुलिस 26 प्रतिशत रिक्तियों की समस्या को दूर करने के लिए अगले साल 20,000 कर्मियों की भर्ती करने की योजना बना रही है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इस साल करीब 5,500 कर्मियों की भर्ती की गई है और नवंबर में 4,000 और कर्मियों की भर्ती की जाएगी।
सिंघल ने कहा कि अगले दो साल में पुलिस के आधुनिकीकरण और बुनियादी ढांचे पर करीब 1,300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने इस साल पुलिस कल्याण और आधुनिकीकरण के लिए 640 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं तथा विभाग को उम्मीद है कि अगले साल भी इसी तरह का आवंटन मिलेगा।
सिंघल सेक्टर-17-सी में नवनिर्मित सेक्टर-17-18 थाने के भवन का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 4.5 करोड़ रुपये की लागत से बना यह थाना हरियाणा पुलिस आवास निगम ने तैयार किया है।
डीजीपी ने बताया कि इस साल राज्यभर में आठ थानों, तीन पुलिस चौकियों, नौ पुलिस भवनों और 313 पुलिस आवास इकाइयों का निर्माण किया गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस कल्याण पर हर साल करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि दो थानों, पांच पुलिस भवनों और 565 आवास इकाइयों का निर्माण कार्य जारी है।
सिंघल ने कहा कि नए बजट के तहत 11 थानों, पांच पुलिस चौकियों, एक पुलिस लाइन और 695 आवास इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
वसूली के मामलों में वृद्धि को लेकर डीजीपी ने कहा कि आम लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि विदेशों से गिरोह संचालित करने वाले अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है और पिछले दो साल में 25 गैंगस्टर को भारत प्रत्यर्पित किया गया है।
मादक पदार्थों की तस्करी के बारे में सिंघल ने कहा कि सबसे अधिक तस्करी पड़ोसी राज्य पंजाब से हो रही है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


